
cgmirror.com : शादी का झांसा देकर तलाकशुदा महिला से किया दुष्कर्म, आरोपी युवक गिरफ्तार..
जशपुर, 16 मई 2025 : जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र में एक तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर लगातार दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरसाबहार क्षेत्र की एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अनूप एक्का (उम्र 27 वर्ष) ने 14 सितंबर 2021 को उससे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। महिला पहले से तलाकशुदा थी और अपने पांच बच्चों के साथ अलग रहती थी। आरोपी ने खुद को महिला का हमसफर बताकर न केवल उसका भरोसा जीता, बल्कि सिंदूर भरकर शादी का दिखावा भी किया।
आरोपी ने 17 अप्रैल 2025 तक महिला का शारीरिक शोषण किया, लेकिन बाद में महिला को यह जानकारी मिली कि अनूप एक्का ने गुपचुप तरीके से किसी और से शादी कर ली है। जब महिला ने इस पर सवाल किया तो आरोपी ने रिश्ते से इंकार कर दिया।
प्रार्थना पर FIR दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 450, 376 और 376(2)(n) के तहत मामला पंजीबद्ध कर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, सहायक उप निरीक्षक शांति प्रमोद टोप्पो, आरक्षक नीरज तिर्की, ईश्वर साय व महिला आरक्षक बीरजीनिया टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा, “महिला संबंधी अपराधों के प्रति जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Views: 0




