
जशपुर। लगातार हो रही बारिश का असर अब जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। फरसाबहार विकासखंड के पमशाला से सरईटोला जाने वाले मुख्य मार्ग पर बैगा घर के पास एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। पेड़ गिरने के कारण दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण जमीन में अत्यधिक नमी आ जाने से पेड़ की जड़ें कमजोर हो गईं और वह अचानक सड़क पर भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि जिस समय पेड़ गिरा, उस दौरान उसकी चपेट में कोई वाहन या व्यक्ति नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मार्ग बंद होने से पमशाला, सरईटोला और आसपास के गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों को आवश्यक कार्यों के लिए लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पेड़ हटाकर मार्ग बहाल करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
फिलहाल मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
Views: 0




