
CG Mirror News
जशपुर,। जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी फरसाबहार के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में नए शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर व्यापक स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान का उद्देश्य विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं विद्यार्थियों के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करना था, ताकि नए सत्र के प्रथम दिवस से ही बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जा सके। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष अभियान में हायर सेकेंडरी स्कूल एवं मिडिल स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने सामूहिक श्रमदान कर विद्यालय परिसर, कक्षाओं, खेल मैदान, प्रांगण तथा आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। झाड़-झंखाड़ हटाए गए, कचरे का उचित निष्पादन किया गया तथा परिसर को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने का कार्य किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विद्यालय को नए शिक्षा सत्र के लिए तैयार करने में अपना योगदान दिया। अभियान के दौरान विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी आर एन नागेश्वरी ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ विद्यालय ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों से विद्यालय परिसर को सदैव स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का भी महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए ऐसे अभियानों में सामूहिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा बताया गया कि नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ से पूर्व विद्यालय में सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था, कक्षाओं की साफ-सफाई, पेयजल सुविधा तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि बच्चों को बेहतर और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यालय के विकास और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी ने संकल्प लिया कि विद्यालय परिसर को सदैव स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना सहयोग देंगे तथा बच्चों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करेंगे। नए शिक्षा सत्र के पूर्व आयोजित यह स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। शिक्षा विभाग की इस पहल को ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने सराहा है। सामूहिक सहभागिता से संपन्न यह कार्यक्रम विद्यालय, समाज और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है।
Views: 0




