
cgmirror.com : जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ फिर लाया खुशियाँ, एक सप्ताह में तीन गुमशुदा बच्चे परिजनों को मिलाए गए
जशपुर, 21 मई 2025 – जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ लगातार सफलता की कहानी लिख रहा है। पिछले एक सप्ताह में जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लापता हुए बच्चों को खोजकर पुलिस ने उन्हें सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। यह प्रयास जशपुर पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का प्रतीक बन चुका है।
गुमशुदा 20 वर्षीय युवती को कोरबा से किया गया बरामद
थाना बगीचा क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी 20 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह से की थी। मामले की गंभीरता को समझते हुए SSP ने थाना प्रभारी बगीचा को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए। पुलिस की तकनीकी टीम और मुखबिर की मदद से युवती को कोरबा जिले के एक गांव से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया।
डेढ़ वर्षीय बालक बस स्टैंड से लापता, 12 घंटे में मिला वापस
थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र में 17 मई को बस स्टैंड से एक डेढ़ साल का बालक एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा पेप्सी पिलाने के बहाने ले जाया गया था। मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्परता दिखाई और बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर महज 12 घंटे के भीतर बच्चे को खोजकर सकुशल परिजनों को सौंप दिया।
उड़ीसा से बरामद की गई नाबालिग किशोरी, नाबालिग आरोपी बाल संप्रेषण गृह भेजा गया
थाना तुमला क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची को उड़ीसा निवासी एक नाबालिग लड़का बहला-फुसलाकर ले गया था। परिजनों को बच्ची को वापस लेने में भी विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर उड़ीसा जाकर नाबालिग लड़की को बरामद किया और आरोपी लड़के को हिरासत में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा।
150 से अधिक बच्चों को मिलाया गया उनके परिवार से
SSP श्री शशि मोहन सिंह ने जानकारी दी कि अब तक ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत 150 से अधिक गुमशुदा बच्चों को सकुशल ढूंढकर उनके परिवार से मिलाया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
जशपुर पुलिस की यह मुहिम न सिर्फ गुमशुदा बच्चों को घर लौटाने की कहानी है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत डोर भी बन रही है।
Views: 0




