
CG MIRROR NEWS
जशपुर, 09 जनवरी। नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केराडीह, रैनीडांड में हुई करीब 51 लाख रुपये से अधिक की बड़ी चोरी का जशपुर पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस पूरे मामले की मुख्य आरोपी पीड़िता की अपनी ही भतीजी निकली, जिसने अपने बॉयफ्रेंड और अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, चोरी की शुरुआत आईफोन खरीदने के लालच से हुई, जो धीरे-धीरे एक बड़ी आपराधिक साजिश में बदल गई। आरोपियों ने घर से नगद राशि और सोने के आभूषण चुराकर लग्जरी जीवनशैली अपनाई, पार्टियां कीं और चोरी की रकम से एक हरियर कार तक खरीद ली।
दिनांक 06 दिसंबर 2025 को पीड़िता सुषमा निकुंज ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मिनल निकुंज ने पहले अलग-अलग समय में घर से रकम निकाली, फिर 20 मई 2025 को पूरे सूटकेस में रखे 15 लाख रुपये नगद और सोने की बिस्किट व जेवरात अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान और अन्य साथियों की मदद से चोरी कर लिए।
चोरी के बाद सभी आरोपी रायपुर गए, जहां जन्मदिन के बहाने विला बुक कर लाखों रुपये खर्च किए गए। बाद में सोने की बिस्किट बेचने उड़ीसा के राउरकेला तक गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम से करीब 25 लाख रुपये की हरियर कार खरीदी गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को रांची (झारखंड) से पकड़कर हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद अन्य सहयोगियों की भी गिरफ्तारी की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹86,300 नगद, हरियर कार, तीन सोने की बिस्किट (100 ग्राम, 50 ग्राम व 20 ग्राम), मंगलसूत्र, सोने का कड़ा, एक आईफोन और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 51 लाख 82 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना नारायणपुर में बीएनएस की धारा 331(4) व 305(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल जशपुर एवं थाना नारायणपुर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Views: 0




