
CG Mirror News
जशपुर | होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से Jashpur Police ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया। ऑपरेशन “आघात” के तहत रविवार सुबह करीब 4 बजे जिला मुख्यालय के कई वार्डों में एक साथ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में 60 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 50 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब जब्त की। साथ ही शराब बनाने में उपयोग होने वाला करीब 5000 किलो महुआ पास (अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये) भी बरामद कर नष्ट किया गया। पुलिस ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी जब्त किए हैं।
इस कार्रवाई में 2 महिला और 5 पुरुष सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) और 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा थाना पत्थलगांव पुलिस ने भी आबकारी एक्ट के तहत 6 मामलों में कार्रवाई करते हुए 45.6 लीटर अवैध शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9100 रुपये बताई गई है। वहीं थाना आस्ता क्षेत्र में पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत साय (26 वर्ष) के घर से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब, अंग्रेजी व्हिस्की और बीयर भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार यह पूरी कार्रवाई Dr. Lal Umed Singh, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में की गई।पुलिस ने बताया कि होली के दौरान अवैध शराब, नशे और हुड़दंग पर कड़ी नजर रखी जा रही है। साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की जा रही है। पिछले दो दिनों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत करीब 500 मामलों में 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने लोगों से अपील की है कि होली के दौरान नशे से दूर रहें, यातायात नियमों का पालन करें और शांति पूर्वक त्योहार मनाएं। अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Views: 0




