
जशपुर के यूनिसेवकों ने ‘नोनी जोहार’ में रचा इतिहास, साइबर सुरक्षा प्रस्तुति से राज्य में पहला स्थान।
रायपुर: स्थित बेबीलोन होटल में यूनिसेफ (UNICEF) द्वारा आयोजित ‘नोनी जोहार’ राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जशपुर जिले के यूनिसेवकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया। छत्तीसगढ़ के 15 जिलों से आए स्वयंसेवकों के बीच जशपुर जिले की टीम ने अपनी सशक्त साइबर सुरक्षा प्रस्तुति के दम पर राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में जशपुर जिले के 11 चयनित स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। यह उपलब्धि जिले के लिए गौरव का विषय रही। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेता आकाश सोनी, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त निदेशक नंदलाल, मुंबई से आई अभिनेत्री स्मृति कालरा, यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के एसबीसी स्पेशलिस्ट अभिषेक सिंह, चाइल्ड प्रोटेक्शन स्पेशलिस्ट चेतना देसाई, लोकगायिका गरिमा दिवाकर, स्टार कलाकार अनुज शर्मा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जिलों द्वारा विषय आधारित स्टॉल और प्रस्तुतियां लगाई गईं। जशपुर जिले की टीम ने “साइबर सुरक्षा” विषय पर ‘शक्तिमान बना साइबर का हीरो’ थीम के अंतर्गत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति में दिखाया गया कि किस तरह साइबर योद्धा और जय हो वॉलंटियर के सहयोग से एक युवा को साइबर अपराध का शिकार होने से बचाया गया। इस सशक्त संदेश और प्रस्तुति को निर्णायक मंडल व दर्शकों ने खूब सराहा, जिसके परिणामस्वरूप जशपुर को पहला स्थान मिला।
इस सफलता के पीछे जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह का मार्गदर्शन और सहयोग विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। नाटक की शुरुआत में एसएसपी शशि मोहन सिंह का शुभकामना संदेश प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि
“जशपुर जिले के युवाओं का साइबर योद्धा के रूप में राज्य स्तरीय मंच पर चयनित होना पूरे जिले और पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है।”
कार्यक्रम में जशपुर जिले से जिला समन्वयक सुश्री शालिनी गुप्ता, विकासखंड समन्वयक गुरुदेव प्रसाद एवं पंकज यादव तथा स्वयंसेवक नेहा, रिंटा, सविता, अनुरूप, गोपाल, गुलसन, रितेश राज, आशुतोष, धनसिंह और विकास शामिल रहे। इस दौरान स्वयंसेवक धनसिंह ने ‘शक्तिमान’ का रूप धारण कर आम जनता को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम ने जशपुर जिले के युवाओं की सक्रियता, रचनात्मक सोच और सामाजिक प्रतिबद्धता को उजागर किया। यूनिसेफ, एग्रीकोन फाउंडेशन और एलायंस फॉर बिहेवियर चेंज के सहयोग से युवाओं को सशक्त मंच और आत्मविश्वास मिला।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस लगातार ‘साइबर जागरूकता’, ‘क्लिक सेफ’ और ‘साइबर योद्धा’ अभियानों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित कर रही है। ऐसे कार्यक्रम जिले और प्रदेश में सुरक्षा, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
Views: 0




