
सरकारी भूमि कब्जे का विरोध करना BDC को पड़ा महंगा जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता का फूटा आक्रोश, बोले लोकतंत्र की हत्या।
जशपुर :- जनपद सदस्य (BDC) राकेश गुप्ता पर हुए सरेराह हमले ने पूरे जनपद क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि राकेश गुप्ता ने हाल ही में सन्ना क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कब्जे और राजस्व विभाग की मनमानी का विरोध किया था,
जिसके बाद शुक्रवार शाम कार सवार युवकों ने उन पर हमला कर दिया। घटना सन्ना थाना क्षेत्र के खैरापाठ की है। जब राकेश गुप्ता बगीचा से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में चार युवकों ने उनकी गाड़ी रोककर बेरहमी से मारपीट की और उनका मोबाइल फोन भी लूट लिया, जो अब तक स्विच ऑफ है। हमले के पीछे सन्ना तहसीलदार रोशनी तिर्की के खिलाफ की गई शिकायत को मुख्य कारण माना जा रहा है। राकेश गुप्ता ने उसी दिन एसडीएम कार्यालय में तहसीलदार के कथित दुर्व्यवहार और भूमि कब्जा मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया देते हुए कहा यह हमला किसी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा पर सीधा वार है। यह लोकतंत्र की हत्या है उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो जनता का भरोसा शासन और कानून से उठ जाएगा।
Views: 0




