
दिल दहला देने वाली वारदात : पत्नी से विवाद का खूनी अंजाम, चचेरे मामा ने टांगी के हत्थे से 3 माह के मासूम की ली जान, आरोपी गिरफ्तार।
जशपुर :- जिले के थाना सन्ना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी से हुए विवाद की आग में एक तीन माह के मासूम की जान चली गई। आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि बच्चे का चचेरा मामा निकला, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना थाना सन्ना क्षेत्रांतर्गत ग्राम पिपरापाठ जोकरी नन्हेसर की है। पुलिस के अनुसार, दिनांक 17 दिसंबर 2025 की शाम करीब 5 बजे, गांव के कुएं के पास पानी भरने के दौरान आरोपी रतन उर्फ रतनू राम (21 वर्ष) की पत्नी और उसकी चचेरी बहन संगीता के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद संगीता अपने घर लौट आई और अपने तीन माह के बच्चे को पीठ में कपड़े से बांधकर घर के सामने खड़ी थी।
इसी दौरान आरोपी रतन राम वहां पहुंचा और पत्नी से विवाद की बात को लेकर गुस्से में आकर हाथ में रखी टांगी के हत्थे से हमला कर दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए किए गए इस वार से बचने के लिए संगीता नीचे झुक गई, लेकिन दुर्भाग्यवश टांगी का हत्था उसकी पीठ पर बंधे मासूम बच्चे को जा लगा, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सन्ना पुलिस हरकत में आई। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृत्यु का कारण टांगी के हत्थे से लगी चोट बताया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, वहीं हत्या में प्रयुक्त टांगी को भी जप्त कर लिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक विदवा राम एवं आरक्षक विमलेश भगत की अहम भूमिका रही।
मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि “तीन माह के मासूम की हत्या के इस जघन्य अपराध में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। कानून के तहत सख्त कार्रवाई की गई है।”
यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक संवेदनाओं को भी झकझोर देने वाली है, जहां आपसी विवाद की कीमत एक निर्दोष मासूम को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
Views: 0




