
खजाने की तलाश या मौत का खेल पढ़िए CG Mirror News पर।
बलौदाबाजार । जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खरेगांव में पिछले कुछ महीनों के दौरान हुई 8 संदिग्ध मौतों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर शराब में जहर मिलाकर लोगों को पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने दफनाए गए एक शव को कब्र से बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, 14 मई को गांव निवासी मेहतरू साहू (40) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार दफनाकर किया था। इसी दौरान शराब पीने के बाद एक अन्य ग्रामीण की तबीयत बिगड़ गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उसकी जान बच गई।
इस घटना के बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में कसडोल थाना पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि फरवरी 2026 से 14 मई तक गांव के रामसाय जायसवाल द्वारा शराब पिलाए जाने के बाद एक-एक कर 8 लोगों की मौत हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि मौतों के पीछे कोई गहरी साजिश हो सकती है। गांव में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि जमीन में गड़े कथित खजाने (हंडा) को पाने के लिए लोगों की बलि दी जा रही थी। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने इस तरह की किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शनिवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम खरेगांव पहुंची और मेहतरू साहू की कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला। शव से आवश्यक सैंपल लेकर उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है। एक के बाद एक हुई 8 मौतों ने पूरे क्षेत्र में भय और आशंका का माहौल पैदा कर दिया है। अब सभी की निगाहें फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी घटनाक्रम का सच सामने आ सकेगा।
Views: 0




