
CG Mirror News
फरसाबहार 13 जून। आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों को लेकर शासकीय प्राथमिक शाला उपरछार में शनिवार को शाला स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, महिला स्व-सहायता समूहों, एसएमसी सदस्यों तथा शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीड़ीसी श्रीमति – संध्या तिग्गा सरपंच – शिवशंकर सिंह , नोडल अधिकारी उबराज नायक , सीएससी नन्दकिशोर साय , प्रधानपाठक प्रकाश साय पैकरा, शैलेन्द्र सिंह, श्रीमति – लीलावती नायक, वार्ड पंच सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महिला समूह की सदस्यों ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान के दौरान विद्यालय परिसर, कक्षाओं, खेल मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। उपस्थित लोगों ने विद्यालय को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लेते हुए बच्चों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण में ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है और शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता की आदत भी बच्चों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बननी चाहिए। ग्रामीणों एवं महिला समूह की सदस्यों ने विद्यालय की नियमित साफ-सफाई में सहयोग करने का आश्वासन दिया। वहीं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर गतिविधियां संचालित करने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ग्रामीणजन, महिला समूह की सदस्याएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अभियान से विद्यालय परिसर में स्वच्छता का सकारात्मक माहौल बना और आगामी शिक्षा सत्र के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ।
Views: 0




