
राजधानी में पत्थर खदान से बोरी में मिली सड़ी-गली लाश, इलाके में सनसनी हत्या की आशंका, क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
रायपुर: राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेंद्री गांव में गुरुवार शाम एक पत्थर खदान के पानी में तैरती बोरी से एक सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने शाम करीब 6 बजे खदान में तैरती एक बोरी देखी। जब एक व्यक्ति ने पास जाकर देखा तो बोरी से एक मानव पैर बाहर निकला हुआ था। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और राखी थाने को सूचना दी गई। पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची, बोरी को बाहर निकाला गया और खोलने पर उसमें काफी हद तक सड़ा-गला शव मिला। शव से बदबू आ रही थी और पहचान कर पाना मुश्किल हो गया। शव 3 से 4 दिन पुराना बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह सुनियोजित हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। जिस तरह शव को बोरी में पैक कर पानी में फेंका गया, उससे हत्या की संभावना मजबूत मानी जा रही है। शव की उम्र, पहचान और हत्या के कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस ने ग्रामीणों और खदान में काम करने वाले मजदूरों से पूछताछ शुरू कर दी है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि पिछले कुछ दिनों में कोई संदिग्ध व्यक्ति खदान क्षेत्र में देखा गया था या नहीं। खदान की सुरक्षा व्यवस्था और CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत का तरीका क्या था – गला घोंटना, सिर पर वार या अन्य कारण। साथ ही यह भी पता चलेगा कि हत्या खदान में की गई या शव को कहीं और से लाकर फेंका गया।फिलहाल मामला हत्या, हादसा या किसी साजिश से जुड़ा है, इस पर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। मृतक की शिनाख्त के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Views: 0




