
CG Mirror News
रायगढ़ : शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। महिला थाना रायगढ़ की इस कार्रवाई ने महिलाओं से जुड़े अपराधों पर सख्त रुख को फिर उजागर किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय युवती ने 24 मार्च को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। युवती ने बताया कि अप्रैल 2024 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सरिया निवासी सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया और 20 अक्टूबर 2025 को युवती के घर पहुंचकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी, जिससे युवती भयभीत हो गई।
इसके बाद नवंबर 2025 में आरोपी युवती को रायपुर ले गया, जहां दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी टालमटोल करता रहा और 5 मार्च 2026 को सरिया में मिलने के दौरान शादी से साफ इनकार कर दिया।
घटना से आहत युवती ने आखिरकार पुलिस की शरण ली, जिस पर महिला थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) और 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपी सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू (34 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश:
महिलाओं एवं बालकों से जुड़े अपराधों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Views: 0




