
33 लाख की ठगी कर झारखंड में छिपा बैठा था आरोपी,जशपुर पुलिस ने दबोचा -व्यापारी से मक्का और चावल के नाम पर ठगी
जशपुर, 5 जुलाई 2025
पत्थलगांव व सन्ना क्षेत्र के व्यापारियों से लाखों की ठगी कर फरार चल रहे आरोपी मिथलेश साहू को जशपुर पुलिस ने झारखंड के निरशा गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मक्का व चावल के व्यापार का झांसा देकर दो अलग-अलग व्यापारियों से करीब 33 लाख रुपये से अधिक की ठगी की थी। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोचा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मक्का बेचने के नाम पर ठग लिए लाखों
मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है। यहां के व्यवसायी विकास अग्रवाल, जो मारुति राइस मिल व मारुति फ्लाई ऐश ब्रिक्स के संचालक हैं, ने 22 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर 2024 को आरोपी मिथलेश साहू, अपने साथियों बैजनाथ साहू, अंशु अग्रवाल और फिरोज अंसारी के साथ मिलकर मक्का का अच्छा रेट दिलाने का झांसा दिया।
इस झांसे में आकर व्यापारी ने 15 मई 2025 तक 160 टन मक्का, जिसकी कीमत ₹38 लाख 37 हजार थी, इन आरोपियों को अलग-अलग किस्तों में सौंप दिया। लेकिन भुगतान नहीं किया गया। इस पर पत्थलगांव थाने में BNS की धारा 318(4), 3(5) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया।
सन्ना में भी चावल के नाम पर ठगा
इसी आरोपी के खिलाफ थाना सन्ना में भी एक मामला दर्ज है। यहां ग्राम सन्ना के किराना व्यवसायी संतकुमार यादव से आरोपी ने चावल की बोरी दिलवाने के नाम पर ₹80,000 ले लिए और फिर चावल न भेजते हुए धोखा देकर गायब हो गया।
पुलिस ने बनाई विशेष टीम, झारखंड से दबोचा
दो थानों में गंभीर ठगी के प्रकरणों को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर झारखंड के निरशा गांव में छिपे आरोपी मिथलेश साहू को पकड़ने की योजना बनाई। पुलिस ने गांव में पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तारी में इन अधिकारियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, प्रधान आरक्षक मिथलेश यादव, आरक्षक पदुम वर्मा व महिला आरक्षक तुलसी रात्रे की अहम भूमिका रही।
एसपी शशि मोहन सिंह
“जिले के दो अलग-अलग व्यापारियों से धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है, जल्द ही वे भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”
Views: 0




