
पुलिस की सक्रियता से दो घंटे में मिली गुम युवती, सकुशल सौंपी गई परिजनों को।
जशपुर। पुलिस की तत्परता और तकनीकी टीम की मदद से नारायणपुर थाना क्षेत्र की एक गुमशुदा युवती को मात्र दो घंटे के भीतर खोज निकाला गया। युवती काम की तलाश में घर से बिना बताए निकली थी।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना नारायणपुर क्षेत्र के एक ग्राम निवासी ने 28 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 20 वर्षीय बेटी 26 अक्टूबर की शाम 6 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। शाम लगभग साढ़े 7 बजे उसने एक अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन कर बताया कि वह काम की तलाश में मुंबई जा रही है और उसे ढूंढने की कोशिश न करें। इसके बाद युवती का मोबाइल बंद हो गया और परिजनों ने हरसंभव खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं पाया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गुम इंसान दर्ज किया और युवती के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया। तकनीकी टीम की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि युवती ग्राम कलिया, सिहारडांड में है। इस पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परिजनों के सहयोग से युवती को सिहारडांड मार्ग पर ढूंढ निकाला।
पूछताछ में युवती ने बताया कि वह काम की तलाश में मुंबई जाने के लिए घर से निकली थी और दो दिन तक अपनी सहेली के घर पर रही। उसके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है।
पुलिस ने युवती को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार कश्यप, आरक्षक अविनाश सोनी और अवीज खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र दो घंटे में गुम युवती को खोज निकाला और सुरक्षित रूप से परिजनों को सौंप दिया।
Views: 0




