
ब्राउन सुगर तस्करी का बड़ा खुलासा, घर में 18 पुड़िया छिपाकर रखी थी नशीली खेप, महिला गिरफ्तार, 8.04 ग्राम मादक पदार्थ जप्त कर भेजी गई जेल।
CG Mirror News
जशपुर :- जिले के लोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत साईंटांगरटोली ईदगाहपारा में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन सुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के घर से 18 पुड़िया में पैक कर रखी गई कुल 8.04 ग्राम ब्राउन सुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10,800 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह को दिनांक 30 जनवरी 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि साईंटांगरटोली निवासी आफरीन खातून (27 वर्ष) अपने घर में अवैध रूप से ब्राउन सुगर रखकर उसकी बिक्री करने की तैयारी कर रही है। सूचना मिलते ही एसएसपी ने तत्काल थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे को टीम बनाकर दबिश देने के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला की विधिवत गवाहों के समक्ष तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर की परछी में छिपाकर रखे गए प्लास्टिक पन्नी के पैकेट से छोटी-छोटी 18 पुड़िया में भरा हुआ ब्राउन सुगर बरामद हुआ। मौके पर ही मादक पदार्थ को जप्त कर आरोपी महिला को महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने खुलासा किया कि यह ब्राउन सुगर उसे उसके पति तस्लीम खान उर्फ चक्कर ने बिक्री के लिए दिया था। उल्लेखनीय है कि आरोपी का पति पहले से ही किसी अन्य मामले में जेल में बंद है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी महिला के खिलाफ धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, सहायक उप निरीक्षक सहवीर भगत, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक राजेश गोप, महिला आरक्षक लक्ष्मी बाई एवं सुष्मिता भगत की अहम भूमिका रही। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास हो रही नशीली गतिविधियों की जानकारी सीधे पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और जिले में नशे के खिलाफ अभियान और तेज किए जाने के संकेत दिए गए हैं।
Views: 0




