
जशपुर । तपकरा को नगर पंचायत बनाने की घोषणा के बाद क्षेत्रवासियों में विकास की नई उम्मीद जगी थी। शासन द्वारा राजपत्र (गजट) में शामिल किए जाने के बावजूद आज तक नगर पंचायत का गठन धरातल पर नहीं उतर सका है। महीनों समय बीत जाने के बाद भी नगर पंचायत का कार्यालय शुरू नहीं हो पाया, जिससे क्षेत्र की जनता के बीच कई सवाल खड़े हो रहे हैं।इन दिनों तपकरा को विकासखंड बनाने की मांग जोर-शोर से उठ रही है और यह मुद्दा लगातार सुर्खियों में है। वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत का मामला भी चर्चा का विषय बन गया है। क्षेत्र के लोग जानना चाहते हैं कि आखिर नगर पंचायत गठन की प्रक्रिया किस स्तर पर अटकी हुई है और इसे शुरू करने में देरी क्यों हो रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शासन ने नगर पंचायत की घोषणा कर दी थी और राजपत्र में भी इसे शामिल किया जा चुका है, तो फिर अब तक इसका संचालन क्यों शुरू नहीं हुआ ? क्या कोई प्रशासनिक या शासकीय बाधा है, या फिर यह मामला फाइलों में ही सीमित होकर रह गया है? क्षेत्रवासियों का मानना है कि नगर पंचायत बनने से तपकरा में शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा, विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लेकिन वर्षों बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं होने से लोगों में निराशा बढ़ रही है। अब क्षेत्र की जनता शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से स्पष्ट जवाब चाहती है कि तपकरा नगर पंचायत के गठन की वर्तमान स्थिति क्या है और इसे धरातल पर लाने के लिए कब तक ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Views: 0




