
CG Mirror News
जशपुर। जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अज्ञात व्यक्तियों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पहली घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र के फरसाकानी नवाटोली स्थित ईब नदी की है, जहां नदी में बहकर आए एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद हुआ। वहीं दूसरी घटना बगीचा थाना क्षेत्र के जुरगुम नाला के पास की है, जहां एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। दोनों मामलों में मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

कुनकुरी के ईब नदी में मिला शव
जानकारी के अनुसार कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसाकानी नवाटोली में ईब नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव दिखाई देने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह चंद्रा के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस द्वारा शव की पहचान के लिए जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में दर्ज गुम इंसान एवं मर्ग प्रकरणों की जानकारी से मिलान किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं आसपास के क्षेत्र से इस उम्र का कोई व्यक्ति हाल ही में लापता तो नहीं हुआ है।
बगीचा में जुरगुम नाला के पास मिला शव
दूसरी घटना बगीचा थाना क्षेत्र की है। यहां जुरगुम नाला के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव सड़ी-गली अवस्था में बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 25 से 40 वर्ष के बीच हो सकती है। शव की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।
बगीचा पुलिस ने भी मृतक की पहचान के लिए जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों में दर्ज गुम इंसान प्रकरणों से जानकारी का मिलान शुरू कर दिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि मृतक की पहचान जल्द हो सके।
पुलिस ने लोगों से की अपील
दोनों मामलों में पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र से करीब बताई गई उम्र का कोई व्यक्ति हाल ही में लापता हुआ है या दोनों शवों में से किसी व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी है, तो तत्काल संबंधित थाना या चौकी पुलिस को सूचना दें।
पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान होने से उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने में मदद मिलेगी। ऐसे में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस खबर को अधिक से अधिक साझा करें और यदि किसी व्यक्ति को मामले से संबंधित कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं।
फिलहाल दोनों घटनाओं में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों की पहचान और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
Views: 0




