
ब्रेकिंग जशपुर :- राजस्थान से ओडिशा जा रहा चूना लोड ट्रेलर सड़क से उतरा, 12 घंटे से जाम; जशपुर-ओडिशा स्टेट हाईवे पर यातायात ठप।
तपकरा/जशपुर। जशपुर जिले के कुनकुरी-लवाकेरा स्टेट हाईवे पर गुरुवार देर रात बड़ा यातायात हादसा हो गया। तपकरा थाना क्षेत्र के सरपझरिया नाला के पास रात करीब 11 बजे राजस्थान के जयपुर से ओडिशा के राउरकेला के लिए चूना (लाइमस्टोन) लेकर जा रहा एक भारी ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हादसे के बाद ट्रेलर इस तरह फंस गया कि कुनकुरी -लवाकेरा ओडिशा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।
घटना के बाद से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। यात्री बसें , ट्रक, निजी वाहन और मालवाहक गाड़ियां करीब 12 घंटे से जाम में फंसी हुई हैं। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर राजस्थान के जयपुर से चूना लोड कर ओडिशा के राउरकेला जा रहा था। बारिश के वजह से सरपझरिया नाला के पास चालक का संतुलन बिगड़ने से ट्रेलर सड़क से नीचे उतर गया और मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
सूचना मिलने पर प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ट्रेलर को हटाने के लिए क्रेन और अन्य मशीनों की मदद ली जा रही है। हालांकि भारी वजन और ट्रेलर के सड़क से नीचे उतर जाने के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है।
समाचार लिखे जाने तक मार्ग पर यातायात सामान्य नहीं हो सका था । प्रशासन ट्रेलर हटाकर जल्द से जल्द आवागमन बहाल कराने के प्रयास में जुटा हुआ है। वहीं वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है।
Views: 0




