
www.cgmirror.com
जशपुर : जिले के पत्थलगांव क्षेत्र स्थित एक आवासीय विद्यालय में छात्रों की सुरक्षा को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। विद्यालय में तैनात चौकीदार निरंजन किस्पोट्टा पर छात्रों ने गलत नियत से बेड टच करने का आरोप लगाया था। छात्रों ने अपने प्रधानपाठक को लिखित आवेदन देकर जानकारी दी थी कि चौकीदार उनके निजी अंगों को गलत तरीके से छूता है, जिससे वे डर और असुरक्षा महसूस करते थे।
शिकायत के बाद सहायक आयुक्त आदिवासी विकास के निर्देश पर पांच सदस्यीय टीम द्वारा विभागीय जांच की गई। जांच में छात्रों के आरोप सही साबित हुए। इसके आधार पर थाना पत्थलगांव में चौकीदार निरंजन किस्पोट्टा के खिलाफ लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 8 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले को अत्यंत संजीदगी से लेते हुए त्वरित कार्यवाही की और आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि वह जनवरी 2025 से आवासीय विद्यालय में चौकीदार के रूप में कार्यरत था और विद्यालय परिसर में ही रहता था। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, आरक्षक तुलसी रात्रे, आशीषन टोप्पो, पदुम वर्मा और कमलेश्वर वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर जशपुर पुलिस बेहद संवेदनशील है। छात्रों से गलत व्यवहार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है और ऐसे किसी भी अपराध में शामिल व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Views: 0




