
CG Mirror News
जशपुरनगर, 15 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के विकासखंड बगीचा एवं फरसाबहार में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विकास, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को नई दिशा दी। मुख्यमंत्री ने बगीचा में आयोजित उज्ज्वला महोत्सव के दौरान 110.47 करोड़ रुपये की लागत से 46 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 3.34 करोड़ रुपये के 9 कार्यों का लोकार्पण तथा 107.13 करोड़ रुपये के 37 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सरकार का उद्देश्य दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों तक बुनियादी सुविधाएं पहुँचाना है, ताकि आमजन के जीवन में वास्तविक परिवर्तन आए। सड़क, पुल, शैक्षणिक एवं खेल अधोसंरचना जैसे कार्य क्षेत्र के समग्र विकास को गति देंगे।
उज्ज्वला महोत्सव में महिलाओं को राहत और सम्मान
बगीचा में आयोजित उज्ज्वला महोत्सव में मुख्यमंत्री श्री साय ने 2 हजार से अधिक महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत घरेलू गैस कनेक्शन प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति मिली है और उनका स्वास्थ्य बेहतर हुआ है। साथ ही उन्होंने हितग्राहियों से योजनाओं का नियमित और सुरक्षित उपयोग करने की अपील की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुद्रा लोन योजना के अंतर्गत चेक का भी वितरण किया तथा क्षेत्र में स्कूल कक्ष निर्माण, पुल निर्माण और विश्राम गृह उन्नयन जैसे कार्यों की घोषणा की।
फरसाबहार में कंवर समाज सम्मेलन, शिक्षा पर दिया विशेष जोर
फरसाबहार के ग्राम पमशाला में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय आदिवासी कंवर समाज सम्मेलन के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है, और यह समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को समाज द्वारा “कंवर रत्न” के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के अन्य विशिष्ट व्यक्तियों को भी कंवर गौरव एवं कंवर वैभव सम्मान प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विकास घोषणाओं से क्षेत्र को मिली नई सौगात
मुख्यमंत्री ने पमशाला में सामाजिक अधोसंरचना विकास के लिए ईब नदी पर गार्डवाल एवं एनीकट निर्माण, सामाजिक भवन निर्माण सहित कई विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये की स्वीकृति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन पहलों से जशपुर जिले का समग्र विकास सुनिश्चित होगा और आम जनता की उम्मीदों को मजबूती मिलेगी।
Views: 0




