
CG Mirror News
जशपुर ! जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्रामीण इलाकों में एक दंतैल हाथी पिछले 10 दिनों से लगातार उत्पात मचा रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। बीती रात हाथी ने दो अलग-अलग गांवों में घुसकर तीन घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं और रात के समय घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं।
कुड़ेकल खजरी और शेखरपुर में हाथी का हमला
जानकारी के अनुसार, बीती रात ग्राम कुड़ेकल खजरी में दंतैल हाथी ने चमर साय और सुबल साय के घरों को तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया। वहीं ग्राम शेखरपुर में हाथी ने देवानंद पैंकरा के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया और घर के भीतर रखा अनाज खा गया। हाथी की इस तोड़फोड़ से प्रभावित परिवारों के घर रहने लायक नहीं बचे हैं, जिससे पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर हो गए हैं।
वन विभाग अलर्ट, मुआवजा प्रक्रिया शुरू
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पत्थलगांव वन विभाग के एसडीओ के.एस. कंवर ने बताया कि हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है। हाथी द्वारा की गई क्षति का आकलन कर मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो। साथ ही प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया जा रहा है। ग्रामीणों में दहशत, स्थायी समाधान की मांग लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को आबादी क्षेत्र से दूर करने और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी की जा रही है।
Views: 0




