
बड़ी कार्रवाई: जशपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 मोटरसाइकिल बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार
जशपुर, 28 जुलाई 2025 जशपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटर साइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की चार मोटर साइकिलें बरामद की हैं और दो नाबालिक सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी चोरी की वारदातों में सीधे तौर पर शामिल थे जबकि चार ने चोरी की बाइकें खरीदी थीं। यह मामला चौकी पंडरापाठ क्षेत्र का है। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- हीरालाल रवि (21), निवासी केरापाठ, थाना बगीचा
- विजय रवि (39), निवासी नवापारा, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर
- धन साय रवि (45), निवासी छिछली (र), थाना बगीचा
- मनोज कुमार रवि (20), निवासी ग्राम बिलासपुर, थाना बतौली, जिला सरगुजा
5-6. दो नाबालिक बालक (विधि संघर्षरत)
प्रकरण का प्रारंभिक विवरण
प्रार्थी राकेश कविराज, निवासी महावीरपुर, जिला सूरजपुर, ने चौकी पंडरापाठ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 अगस्त को वह कांवड़ यात्रा हेतु ग्राम गायबुड़ा गया था, जहाँ पार्किंग स्थल से उसकी मोटरसाइकिल (CG-15DN-8405) चोरी हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और टेक्निकल टीम की मदद ली। इसी क्रम में केरापाठ के दो युवकों के द्वारा हाल ही में अधिक पैसा खर्च किए जाने की सूचना मिली। संदेह के आधार पर पुलिस ने हीरालाल रवि और एक नाबालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की बात कबूल की और बताया कि उन्होंने बलरामपुर और सन्ना क्षेत्र से भी अन्य मोटरसाइकिलें चोरी की थीं।
चोरी की गई मोटरसाइकिलें इस प्रकार बेची गई थीं:
- CG15DN8045 – विजय रवि को ₹5000 में
- CG15CR3600 – धन साय रवि को ₹7000 में
- CG15DP3288 – मनोज कुमार रवि को ₹14000 में
- CG14ML4017 – एक नाबालिक को ₹8000 में
पुलिस ने सभी मोटरसाइकिलों को उनके खरीदारों से बरामद कर लिया है। चारों वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि दो नाबालिकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी पंडरापाठ उप निरीक्षक सतीश सोनवानी, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार पैंकरा, प्रधान आरक्षक राजेश कुजूर, आरक्षक राजेश्वर भगत, रमेश गृही तथा साइबर सेल जशपुर की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह पर कड़ा प्रहार है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
Views: 0




