
CM साय की धर्मपत्नी कौशल्या पहुंचीं आश्रम में मृत छात्र अमृत के घर,परिजनों को बंधाया ढांढस, सौंपा 4 लाख की सहायता राशि का चेक..
जशपुरनगर। बगिया आश्रम छात्रावास में सर्पदंश से दर्दनाक मौत का शिकार हुए मासूम अमृत साय के परिवार से मिलने आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय स्वयं झारमुंडा गांव पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना प्रकट की और उन्हें मुख्यमंत्री की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।
श्रीमती साय ने कहा कि यह घटना बेहद पीड़ादायक है और एक अपूरणीय क्षति है जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय इस घटना से व्यक्तिगत रूप से आहत हैं और उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
इस दौरान श्रीमती साय ने परिजनों से बात करते हुए कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने मृत आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को संयम और साहस बनाए रखने का आग्रह किया।
शासन-प्रशासन की ओर से लगातार परिवार से संपर्क बनाए रखा जा रहा है और मुख्यमंत्री स्वयं पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी हॉस्टल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की दुःखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Views: 0




