
जशपुर। जिला प्रशासन ने धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए एक और बड़ी कार्रवाई की है। दुलदुला विकासखंड के धान खरीदी केंद्र करड़ेगा में फर्जी तरीके से धान बेचने पहुंचे एक व्यापारी को प्रशासन ने रंगे हाथ पकड़ा। मौके पर मौजूद SDM नंद जी पांडे ने कार्रवाई करते हुए 110 बोरी धान जब्त कर लिया और समिति प्रभारी को आगे की विधिक कार्यवाही के निर्देश दिए।
यह कार्रवाई अचानक निरीक्षण के दौरान उस समय हुई जब SDM नंद जी पांडे अपनी प्रशासनिक टीम के साथ करड़ेगा धान मंडी पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि ग्राम मकरीबन्धा का व्यापारी दीपक सिंह, किसान मिस्ट कुमार के नाम से फर्जी एंट्री कराकर अपना धान बेचने पहुंचा था। जैसे ही यह गड़बड़ी प्रशासन की नजर में आई, तुरंत धान को जब्त कर लिया गया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई।
घटना स्थल पर SDM नंद जी पांडे ने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी में किसी भी तरह की धोखाधड़ी या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने समिति प्रभारियों और खरीदी केंद्रों को भी निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता रखी जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
जशपुर प्रशासन की यह कड़ी कार्रवाई उन बिचौलियों और फर्जी कारोबारियों के लिए बड़ा संदेश है, जो सरकारी खरीदी व्यवस्था में हेराफेरी करने की कोशिश करते हैं। लगातार हो रही कार्रवाइयों ने ऐसे तत्वों की कमर तोड़ रखी है और प्रशासन के डर से कई जगहों पर फर्जी धान लाने की कोशिशें थम गई हैं।
मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि इस प्रकरण में और भी खुलासे सामने आ सकते हैं।
Views: 0



