
जानिए हाल-ए-मानसून: जशपुर में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर, कई गाँव के सम्पर्क टूटे जनजीवन प्रभावित
जशपुर, जिले में मानसून की जबरदस्त दस्तक के साथ ही पिछले 72 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं, सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया है और कई इलाकों में जनसंपर्क पूरी तरह टूट चुका है।
राजपुरी नदी का रौद्र रूप बगीचा नगरीय क्षेत्र से बहने वाली राजपुरी नदी पूरी तरह उफान पर है। गम्हरिया में बने रपटे के ऊपर से बाढ़ का पानी बह रहा है, जिससे बगीचा विकासखण्ड मुख्यालय से एक दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों का संपर्क टूट गया है। बगीचा-रेंगले मार्ग पर पुल निर्माण की मांग वर्षों से लंबित है, जिससे हर साल ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
गम्हरिया में पेड़ गिरा, बिजली गुल गम्हरिया में बारिश के चलते एक विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़ गया, जो छात्रावास की दीवार तोड़ता हुआ एक मकान के सामने जा गिरा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, बिजली तार टूटने से इलाके में कई घंटे तक अंधेरा छाया रहा।
बेतरा में कच्चा मकान ढहा, मवेशी घायल बगीचा विकासखण्ड के बेतरा गांव के नगेशियपारा में एक कच्चा मकान बारिश के चलते ढह गया। मकान के मलबे में मवेशी और घरेलू सामान दब गए। मवेशियों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया, जबकि मलबे में एक बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रैक्टर चालक बाढ़ में फंसा जिले की बड़ी ब्रेकिंग खबर मनोरा चौकी क्षेत्र से सामने आई है, जहां खरसोता मार्ग में एनीकट पार करते समय एक ट्रैक्टर चालक बीच धार में फंस गया। मौके पर पुलिस-प्रशासन रवाना हो चुका है, लेकिन अब तक रेस्क्यू टीम नहीं पहुंच पाई है।
ईब नदी का जलस्तर बढ़ा, पुल डूबा कुनकुरी के ढोढ़ीडाँड़ में ईब नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है। रनपुर-कुनकुरी मार्ग पर पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया है और लोगों को कई किलोमीटर का चक्कर लगाकर सफर करना पड़ रहा है।
जनता परेशान, प्रशासन अलर्ट मोड पर बारिश से जिले के अधिकतर मार्ग जलमग्न हो गए हैं और ग्रामीण इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो चुका है। प्रशासन ने स्थिति पर निगरानी रखते हुए राहत व बचाव कार्यों के लिए टीमों को अलर्ट मोड में रखा है।
सावधानी बरतें – प्रशासन की अपील प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदियों, नालों व एनीकट क्षेत्रों में न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भी भारी बारिश की संभावना जताई है।
Views: 0




