
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में बड़ा हादसा, शादी की खुशियाँ बदलीं मातम में, तेज रफ्तार बस खाई में गिरी, 54 नवविवाहित जोड़े घायल, चालक-कंडक्टर फरार।
मनेन्द्रगढ़ (छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत अपने नए जीवन की शुरुआत करने जा रहे मनेन्द्रगढ़ जिले के दर्जनों जोड़ों के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया। जनकपुर से रतनपुर जा रही एक तेज रफ्तार बस पोड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागपुर रेलवे स्टेशन के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में बस में सवार 54 जोड़े घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्गा ट्रेवल्स की बस काफी तेज गति में थी। अचानक मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सीधे खाई में जा समाई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे कई यात्री सीटों से उछलकर एक-दूसरे पर गिर पड़े। हादसे के बाद मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई, जब बस चालक और कंडक्टर घायलों को तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने किसी तरह बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना
घायलों को तुरंत नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई नवविवाहित जोड़ों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है। कुछ महिलाओं और बुजुर्गों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सरकारी योजना के तहत इतने बड़े आयोजन में इस्तेमाल की गई बस की फिटनेस, चालक की लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यात्रियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था और बस तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पोड़ी थाना पुलिस और नागपुर चौकी की टीम मौके पर पहुंची। बस को क्रेन की मदद से हटाया गया और मामला दर्ज कर फरार चालक-कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खुशियों के इस सफर में लापरवाही ने कई परिवारों को अस्पताल पहुँचा दिया, जहां शादी के गीतों की जगह कराहों की आवाजें गूंज रही हैं।
Views: 0




