
लगातार हो रही घटनाओं का पुलिस ने किया सफल समाधान, दो युवक गिरफ्तार
जशपुर : थाना सन्ना क्षेत्र के ग्राम कवई में हाल के दिनों में एक के बाद एक हुई घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक समाधान करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में सन्ना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में हुई तीन घटनाओं की जांच तेज़ की। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर दो व्यक्तियों—फ़िरू राम नगेसिया (उम्र 34 वर्ष) एवं नंदलाल नागवंशी (उम्र 28 वर्ष)—को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर तीन मोटर पंप जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹45,000 आंकी गई है।
ये घटनाएं क्रमशः 1 जून, 12 जून और 14 जून को ग्रामवासियों—कमलेश्वर नाग, राजेश्वर यादव और चिंतामणि नाग—के खेतों में सामने आई थीं। किसानों ने सन्ना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए इलेक्ट्रिक पंप अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ले जाए गए हैं।
पुलिस द्वारा बीएनएस की धारा 303(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की गई और सक्रिय मुखबिर तंत्र व क्षेत्र में संभावित संदेहियों से पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक विजय खूंटे, सुमन टोप्पो, रविन्द्र एक्का, आरक्षक अभय कुमार चौबे, मनोज जांगड़े व प्रवीण खलखो की अहम भूमिका रही। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में लगातार घटित हो रही इन घटनाओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई है। पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने प्रतिबद्ध है।
Views: 0




