
जशपुर। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ जिला शाखा जशपुर की महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष नंदकुमार यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, सचिव, कार्यकारिणी सदस्य और वरिष्ठ पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, विभागीय समन्वय बढ़ाना और कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा करना रहा।
बैठक में जिला कार्यकारिणी के सम्मान समारोह के प्रस्ताव, प्रत्येक परिक्षेत्र की समस्याओं की समीक्षा, तथा संगठन को अधिक अनुशासित और प्रभावी बनाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
जिला अध्यक्ष नंदकुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा हर कर्मचारी का सर्वोच्च कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी मार्गदर्शक हैं और उनका सम्मान करना हर कर्मचारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी कर्मचारी को कार्य विभाजन में किसी प्रकार की समस्या या दबाव महसूस होता है, तो संगठन तथ्यों के आधार पर विभाग से संवाद कर समाधान निकालेगा।
उन्होंने कहा, “अधिकारियों का सम्मान करें, साथ ही अपने स्वाभिमान और कर्तव्यनिष्ठा को भी बनाए रखें। संगठन हमेशा सौहार्दपूर्ण समाधान के पक्ष में है।”
संभागीय सचिव अविनाश शर्मा ने कहा कि हर कर्मचारी का पहला दायित्व निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और विभाग की छवि को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समस्याओं को बढ़ाना नहीं, बल्कि सकारात्मक माहौल में समाधान तलाशना है। संघ किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय होने पर विभागीय मर्यादा और नियमों के भीतर रहकर आवश्यक कदम उठाएगा।
बैठक में सभी पदाधिकारियों ने संगठन की एकता को सर्वोच्च बताते हुए संकल्प लिया कि कर्मचारियों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा को बनाए रखते हुए विभागीय गरिमा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक का समापन विभाग और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, वन संरक्षण कार्य को अधिक प्रभावी बनाने तथा कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
Views: 0




