
CG Mirror News
जशपुर । जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर के निर्देश पर विकासखंड फरसाबहार में बुधवार 13 मई 2026 को विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) दुर्गेश देवांगन की उपस्थिति में शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों के 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले 13 विद्यालयों के प्राचार्यों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का माहौल उत्साह, प्रेरणा और शिक्षा के प्रति समर्पण से भरा नजर आया। बैठक में उन विद्यालयों को विशेष रूप से सराहा गया जिन्होंने बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत सफलता हासिल कर विकासखंड का नाम रोशन किया। सम्मानित प्राचार्यों में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय तपकरा के प्राचार्य सी.आर. भगत, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय फरसाबहार के प्राचार्य प्रदीप कुजुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोल्हनझरिया के प्राचार्य अनंत कुमार सिंह, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कँदईबहार की प्राचार्या राजकिशोरी तिग्गा, शासकीय हाई स्कूल सिंगीबहार के प्राचार्य ऊबराज नायक, शासकीय हाई स्कूल सुण्डरू के मुन्ना राम भगत, शासकीय हाई स्कूल कुम्हारबहार के गीता प्रसाद सिदार, शासकीय हाई स्कूल जोरंडाझरिया के उल्लास चंद्र मिंज तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंडरीपानी की प्राचार्या शोभा सिंह शामिल रहे। इसके अलावा अनुदान प्राप्त एवं अशासकीय विद्यालयों में बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जबला तपकरा के प्रसन्न तिर्की, होली स्पिरिट हाई स्कूल पोकपानी सुण्डरू की वीर कुमारी बखला, ज्ञानोदय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जबला तपकरा की अंजना पाले तथा सेंट जोसेफ उत्तर माध्यमिक विद्यालय खारीबहार की कांति कुजूर को भी उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए सम्मानित किया गया। बैठक के दौरान सभी विद्यालयों के परीक्षा परिणामों की गंभीरता से समीक्षा की गई।
जिन विद्यालयों का परिणाम 100 प्रतिशत से कम रहा, उनके प्राचार्यों ने उत्कृष्ट परिणाम देने वाले विद्यालयों से प्रेरणा लेते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बीईओ दुर्गेश देवांगन ने सभी शिक्षकों एवं प्राचार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए विभाग हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक इसी समर्पण और मेहनत के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा दें, ताकि आने वाले वर्षों में फरसाबहार शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा विभाग पूरी मजबूती के साथ शिक्षकों और विद्यालयों के साथ खड़ा है।
कार्यक्रम में मौजूद सभी प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा बढ़ती है और शिक्षकों का मनोबल मजबूत होता है। बैठक में शिक्षा गुणवत्ता सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, कमजोर छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं एवं आगामी परीक्षाओं की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
फरसाबहार विकासखंड में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार हो रहे बेहतर प्रयास अब परिणामों में भी साफ दिखाई देने लगे हैं। बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले विद्यालय आज पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल बन चुके हैं।
Views: 0




