
धान खरीदी से पहले बिचौलियों पर शिकंजा, पत्थलगांव में दो गोदामों से अवैध धान जब्त।
जशपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी 15 नवम्बर से धान खरीदी शुरू होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही बिचौलियों द्वारा बाहरी राज्यों से धान मंगाकर भंडारण करने का सिलसिला तेज हो गया है। इस अवैध गतिविधि पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और विभागीय टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
इसी क्रम में जशपुर जिले के पत्थलगांव में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सुखरापारा स्थित दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में बड़ी मात्रा में अवैध तरीके से धान का भंडारण पाया गया।
अधिकारियों ने व्यवसायी जगदीश अग्रवाल के गोदाम से 68 क्विंटल धान और व्यवसायी रमेश अग्रवाल के महामाया ट्रेडिंग गोदाम से 67 बोरी धान जब्त किया। विभागीय टीम ने मौके पर ही धान को जब्त कर मंडी समिति को सौंप दिया है।
खाद्य विभाग ने बताया कि जब्त धान के संबंध में मंडी लाइसेंस के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस कार्रवाई के बाद स्थानीय व्यापारियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी शुरू होने से पहले किसी भी प्रकार का अवैध भंडारण या बाहरी राज्यों से धान की आमद बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलेभर में निगरानी बढ़ा दी गई है और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी है।
Views: 0




