
वन कर्मचारी संघ का भव्य जिला स्तरीय सम्मान समारोह, संगठनात्मक एकता और अधिकारों के प्रति सजगता का लिया संकल्प।
जशपुर। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ जिला शाखा जशपुर द्वारा जिला स्तर पर जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में वन कर्मचारी संघ से जुड़े पदाधिकारी, सदस्य एवं आम वन कर्मचारी शामिल हुए। आयोजन संघ के प्रांताध्यक्ष अजीत दुबे, संभागाध्यक्ष शैलेश गुप्ता, उप वन मंडलाधिकारी (कुनकुरी/पत्थलगांव) एवं परिक्षेत्राधिकारी (कुनकुरी/पत्थलगांव) की गरिमामयी उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
सम्मान समारोह के दौरान संघ की जिला एवं ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणी में सक्रिय भूमिका निभा रहे पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मंच पर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर पदाधिकारियों में उत्साह देखने को मिला और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और भी मजबूत होती नजर आई। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना, कर्मचारियों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपसी समन्वय को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में जशपुर जिले के अलावा अन्य जिलों से भी वन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष एवं उनकी टीमों ने सहभागिता की। व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद उनकी उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को बढ़ाया और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया। संघ पदाधिकारियों ने इसे वन कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
अपने संबोधन में प्रांताध्यक्ष अजीत दुबे ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसकी एकता, अनुशासन और निरंतर सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी वन कर्मचारियों से अपील की कि वे संगठन के माध्यम से अपने अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें। संभागाध्यक्ष शैलेश गुप्ता ने भी संगठन को मजबूत बनाने के लिए आपसी सहयोग, संवाद और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
अतिथियों ने पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि संगठन के उद्देश्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा, तभी वन कर्मचारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष नंदकुमार यादव ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन से यह आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल रहा है। साथ ही भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजन कर संगठनात्मक एकता को और अधिक मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
Views: 0




