
CG Mirror News
जशपुर :- नागलोक मे कोहपानी पंचायत स्थित शिव–पार्वती मंदिर परिसर में माघपूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला प्रसिद्ध निरा टोंगरी रात्रि मेला की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज रात्रि से शुरू होने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेला समिति की संरक्षक श्रीमती शिला चौहान ने बताया कि यह मेला बीते 15 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हर साल स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से भी श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस बार भी रात्रि नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जो मेले का मुख्य आकर्षण रहेगा। यह मेला स्थल दो राज्यों की सीमा पर स्थित है, जहां से झारखंड की सीमा शून्य किलोमीटर और ओड़िसा की सीमा मात्र 1 किलोमीटर दूर है। इसी कारण झारखंड और ओड़िसा दोनों राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माघपूर्णिमा के दिन यहां दर्शन व मेले का आनंद लेने पहुंचते हैं, खासकर रात के समय भी भारी भीड़ रहती है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेला समिति गंभीर है। संरक्षक श्रीमती शिला चौहान ने बताया कि मेले की सूचना पुलिस विभाग को पहले ही दे दी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निराटोंगरी मेला क्षेत्र में आस्था, संस्कृति और परंपरा का संगम माना जाता है, जहां हर वर्ष श्रद्धालु भक्ति और मनोरंजन दोनों का आनंद एक साथ लेते हैं।
Views: 0




