
पुलिस का भू-माफियाओं पर बड़ा एक्शन!
45 लाख की ठगी करने वाले चार शातिर गिरफ्तार, मृतक शिक्षक की पत्नी को बनाया था शिकार
जशपुर। पुलिस ने जमीन के नाम पर बड़ी ठगी को बेनकाब करते हुए 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी में लिप्त चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस पूरे मामले में एक रिटायर्ड शिक्षक की विधवा पत्नी को झांसे में लेकर न सिर्फ ज़मीन की रजिस्ट्री में फर्जीवाड़ा किया गया, बल्कि भारत माला प्रोजेक्ट के नाम पर मुआवजे की रकम भी डकार ली गई।
क्या है पूरा मामला:
ग्राम जोरतरा की रहने वाली श्रीमती गोरेती मिंज, जिनके पति अनिल मिंज की मृत्यु 2021 में हो गई थी, उन्हें विभागीय भुगतान के तौर पर 56 लाख रुपये की राशि मिली थी। वह कुनकुरी क्षेत्र में ज़मीन खरीदना चाहती थीं। इस दौरान उनके दामाद के संपर्क में नीरज प्रजापति नामक दलाल आया, जिसने उसे NH-43 के किनारे स्थित एक प्लॉट दिखाया और सौदा 30 लाख में तय हुआ।
पर बात यहीं खत्म नहीं हुई—नीरज और उसके तीन साथियों दिलीप राम, गोवर्धन यादव और घनश्याम यादव ने मिलकर रजिस्ट्री के समय प्लॉट बदल दिया। महिला से खसरा नंबर 345/1 की जमीन का सौदा कर 345/14 की रजिस्ट्री कर दी गई, जो भारत माला प्रोजेक्ट में जा चुकी थी और जिसका नामांतरण ही नहीं हो सकता था।
ठगी का तरीका:
- जमीन दिखाई एक, रजिस्ट्री कराई दूसरी।
- 12 डिसमिल ज़मीन के लिए 36 लाख 50 हजार रुपये ऐंठे।
- 21 लाख का मुआवजा भी खुद हड़प लिया।
- आरोपियों ने ₹12.60 लाख लौटाए, बाक़ी रकम के लिए टालमटोल।
गिरफ्तार आरोपी:
- नीरज प्रजापति (39 वर्ष) – डुगडुगिया, थाना कुनकुरी
- दिलीप राम (29 वर्ष) – खूंटी टोली, थाना दुलदुला
- गोवर्धन यादव (32 वर्ष) – सीरिमकेला, थाना दुलदुला
- घनश्याम यादव (53 वर्ष) – सीरिमकेला, थाना दुलदुला
इन सभी के खिलाफ भा.दं.वि. की धारा 420, 467, 468, 471 और 120 (बी) के तहत थाना कुनकुरी में अपराध पंजीबद्ध किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का बयान:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि इस गिरोह ने सुनियोजित तरीके से एक महिला को जमीन दिखाकर धोखाधड़ी की। इस प्रकार की घटनाएं आम जनता के खिलाफ एक सुनियोजित साजिश हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर किसी के साथ ऐसा हो, तो वे तत्काल पुलिस को सूचना दें।
कार्रवाई में अहम भूमिका:
थाना प्रभारी राकेश यादव, एएसआई ईश्वर वारले, प्रधान आरक्षक छविलाल पैंकरा, आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे, भूपेंद्र यादव व नंदलाल यादव की त्वरित कार्रवाई से यह सफलता मिली है।
सावधान रहें, सतर्क रहें! भू-माफियाओं के जाल में न फंसे, किसी भी ज़मीन सौदे से पहले दस्तावेज़ों की पूरी जांच अवश्य कराएं!
Views: 0




