
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर स्थित प्रसिद्ध माँ महामाया मंदिर में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूजा-अर्चना के दौरान अचानक आग लग गई। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मौजूद थे। इसी दौरान दिया जलाते समय मन्नत के धागों और चुनरी में आग लग गई, जो देखते ही देखते फैलने लगी।
आग की लपटें उठते ही मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और श्रद्धालु अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस बल और मंदिर समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी श्रद्धालु के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग पर जल्द नियंत्रण पा लेने के कारण मंदिर परिसर को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
प्रशासन और मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि पूजा के दौरान सावधानी बरतें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Views: 0




