
आईआईएम रायपुर में CM साय और मंत्रिमंडल का चिंतन शिविर शुरू, सुशासन और विकास पर मंथन…
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों का दो दिवसीय चिंतन शिविर 2.0 आज से भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) रायपुर में प्रारंभ हो गया है। इस शिविर का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन एवं अभिसरण विभाग द्वारा IIM रायपुर के सहयोग से किया गया है।
शिविर के पहले दिन “परिवर्तनकारी नेतृत्व और दूरदर्शी शासन”, “संस्कृति, सुशासन और राष्ट्र निर्माण”, तथा “सक्षमता से सततता तक: विकास के लिए सार्वजनिक वित्त पर पुनर्विचार” जैसे विषयों पर विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में देश के प्रख्यात विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, IIM इंदौर के निदेशक प्रो. हिमांशु राय, IIM अहमदाबाद के डॉ. रविंद्र ढोलकिया, प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल, वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक उदय माहुरकर और ग्लोबल डिजिटल हेल्थ विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र प्रताप गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल हैं।
यह चिंतन शिविर प्रदेश में सुशासन, नीति-निर्माण और प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में मंत्रीगण विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श कर आगे की रणनीतियाँ तय करेंगे।
Views: 0




