
नर्सरी के जंगल में लकड़ी काटने को लेकर हुई मारपीट में एक की मौत, 12 दिन बाद चार आरोपी गिरफ्तार।
जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जोराडोल सुगापारा में लकड़ी काटने की बात को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक इंदबल मांझी उम्र 40 वर्ष निवासी जोराडोल सुगापारा का 18 अक्टूबर को गांव के ही हिरदन साय, डोमन साय मांझी, अशोक मांझी और नईहर साय से नर्सरी के जंगल से जलाऊ लकड़ी काटकर लाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात पर सभी ने इंदबल मांझी के साथ लात, मुक्कों और लकड़ी की लाठी से मारपीट की थी।
मारपीट में घायल इंदबल की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां 20 अक्टूबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना अस्पताल से थाना पत्थलगांव पुलिस को मिली, जिसके बाद मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मृतक की पत्नी सुनोबाई मांझी के बयान के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) व 3(5) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी की लाठी भी जब्त की गई है। मामले की जांच और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, आरक्षक कमलेश्वर वर्मा, राजेंद्र रात्रे, तुलसी रात्रे, आशीषन टोप्पो और पदुम वर्मा की भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पत्थलगांव क्षेत्र में मारपीट के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Views: 0




