
जशपुर, 15 जून। कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं कुनकुरी के पूर्व विधायक यू.डी. मिंज ने धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय को धन्यवाद ज्ञापित किया है। यू.डी. मिंज ने कहा कि विकास से जुड़े विषयों पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य होना चाहिए। जशपुर जिले सहित पूरे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल संपर्क की मांग को स्वीकृति मिलना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रयासों से इस महत्वपूर्ण परियोजना को गति मिली है, जिसके लिए क्षेत्र की जनता की ओर से उन्हें धन्यवाद दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लगभग 291 किलोमीटर लंबी धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा रेल लाइन परियोजना जशपुर जिले के विकास की नई आधारशिला साबित होगी। इससे पहली बार जिले का सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे व्यापार, पर्यटन, कृषि, वनोपज, शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र को व्यापक लाभ मिलेगा।
यू.डी. मिंज ने कहा कि यह परियोजना केवल रेल लाइन नहीं बल्कि पूरे आदिवासी अंचल के आर्थिक और सामाजिक विकास का मजबूत माध्यम बनेगी। रेल नेटवर्क से जुड़ने के बाद क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आम लोगों की आवाजाही पहले से अधिक सुगम हो सकेगी।
उन्होंने केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब परियोजना के सर्वेक्षण, भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूरा किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द रेल सुविधा का लाभ मिल सके।
Views: 0




