
महकुल यादव समाज के उत्थान और जागरूकता पर जोर, शिक्षा मंत्री ने की छत्तीसगढ़ सरकार के योजनाओं का लाभ लेने अपील।
जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव आज ग्राम कंडोरा में महाकुल यादव समाज द्वारा आयोजित गोकुलाष्टमी पूजा महोत्सव 2025 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन के शताब्दी वर्ष में उपस्थित होकर उन्होंने यादव समाज को शुभकामनाएं दीं और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार सामुदायिक भवन निर्माण एवं सोलर लाइट स्थापना की घोषणा की। साथ ही कार्यक्रम में शामिल कीर्तन मंडली को स्वेच्छानुदान राशि प्रदान करने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्री श्री यादव ने गौमाता की पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उनके आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर श्री रोहित व्यास और एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्वागत किया। महाकुल यादव समाज के पदाधिकारियों और कीर्तन मंडली ने मांदर की थाप पर उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यादव समाज प्राचीन, गौरवशाली और कर्मप्रधान समाज है। समाज को आगे बढ़ाने के लिए एकजुटता, शिक्षा, जागरूकता और शासन की योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को कृषि, पशुपालन, उन्नत खेती और स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ना चाहिए। शासन की योजनाएं जैसे पीएम आवास, मनरेगा, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड और श्रमिक कार्ड से समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाया जा सकता है।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि जशपुर मुख्यमंत्री श्री साय का गृह जिला है और जिले में लगातार विकास के कार्य हो रहे हैं। मेडिकल कॉलेज, फिजियोथैरेपी कॉलेज, ऑडिटोरियम और मातृ शिशु अस्पताल जैसी परियोजनाएं जिले को नई पहचान देंगी। उन्होंने समाज के सदस्यों से आग्रह किया कि वे भगवान श्रीकृष्ण की आराधना को अपनी आस्था और जीवन का हिस्सा बनाएं और अपने घरों में लड्डू गोपाल की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धा बनाए रखें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पद्मश्री जगेश्वर राम यादव ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांताध्यक्ष श्री परमेश्वर यादव, विधायक श्रीमती गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत, उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक श्रीमती गोमती साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि गोकुलाष्टमी का पर्व केवल यादव समाज का नहीं बल्कि पूरे समाज का उत्सव है जो एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक सौहार्द्र का प्रतीक है।
गोकुलाष्टमी महोत्सव के आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव का शताब्दी वर्ष समाज के लिए गर्व का क्षण है। धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की परंपरा, संस्कृति और सेवा भावना को एक नई दिशा मिली। पूरे प्रदेश से हजारों श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए और समाज के उत्थान के लिए एकजुटता का संदेश दिया।
Views: 0




