
CG Mirror News
जशपुर। जिले में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य सेवाओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरांग मोड़ स्थित ‘मां भवानी आरोग्य संस्था’ क्लिनिक को सील कर दिया है। यह कार्रवाई जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान क्लिनिक का संचालन पूरी तरह से नियमों के विपरीत पाया। जांच में सामने आया कि क्लिनिक बिना किसी वैध पंजीयन के संचालित किया जा रहा था। मौके पर मौजूद संचालक से जब आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वह कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सका।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिना पंजीयन क्लिनिक चलाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि इससे मरीजों की जान को भी गंभीर खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। मौके पर ही टीम ने क्लिनिक को सील कर दिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने इस कार्रवाई के बाद स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में और भी स्थानों पर जांच और कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य अवैध रूप से क्लिनिक संचालित करने वालों में डर का माहौल है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल पंजीकृत और मान्यता प्राप्त स्वास्थ्य संस्थानों में ही उपचार कराएं और किसी भी संदिग्ध क्लिनिक की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
Views: 0




