
प्रशासन की सख्ती के बावजूद सब स्टेशन निर्माण में विरोध! ढलाई तोड़ी, सेंटरिंग हटाई, विकास को रोकने की कोशिशें जारी
जशपुर :- प्रशासन की कार्रवाई और सख्ती के बावजूद सब स्टेशन कंट्रोल रूम निर्माण कार्य में उग्र विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को हुई ढलाई के ठीक बाद शुक्रवार को विरोध कर रहे असामाजिक तत्वों ने निर्माण स्थल पर जबरन सेंटरिंग के बांस हटा दिए और कई हिस्सों में ढलाई को तोड़कर निर्माण को गंभीर नुकसान पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, जटाटोली के कुछ महिला-पुरुषों के द्वारा निर्माण का विरोध किया जा रहा है, जो अब हिंसक रूप लेने लगा है। ठेकेदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, परंतु विरोध करने वालों के हौसले प्रशासन की सख्ती के बावजूद कम नहीं हो रहे।
थाना प्रभारी संदीप कौसिक ने बताया कि अब तक इस मामले में दर्जनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा चुकी है। बावजूद इसके विरोध और तोड़फोड़ रुकने का नाम नहीं ले रही, जिससे निर्माण कार्य बाधित हो रहा है।
ग्रामीणों के दो गुट इस मामले में आमने-सामने हैं। एक पक्ष जिसमें चंद महिला-पुरुष 20-25 की संख्या में हैं जो विकास विरोधी माने जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हजारों की संख्या में ग्रामीण विकास कार्य को लेकर उत्साहित हैं और इसे क्षेत्र की तरक्की का रास्ता मान रहे हैं।
दूसरी ओर, विकास के समर्थन में खड़े ग्रामीणों का कहना है कि चंद मुट्ठीभर लोगों के निजी स्वार्थ के कारण पूरे क्षेत्र का भविष्य दांव पर लगा है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब प्रशासन ने कार्रवाई भी की है, एफआईआर दर्ज कर दी है, तब भी विरोधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं ?
यदि जल्द ही कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो यह निर्माण कार्य विकास का प्रतीक बनने के बजाय, प्रशासनिक विफलता और सामाजिक विभाजन की मिसाल बन जाएगा।
Views: 0




