
पुलिस की बड़ी कामयाबी: गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) से दो मोटरसाइकिल चोर गिरफ्तार, चोरी की रॉयल एनफील्ड बरामद
जशपुर। जशपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक 21 वर्षीय युवक आकाश कुमार और एक 17 वर्षीय नाबालिग शामिल है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां आकाश को जेल भेजा गया और नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह।
मामला थाना सन्ना क्षेत्र का है। दिनांक 11 सितंबर को प्रार्थी राकेश कुमार गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 सितंबर की रात उसकी रॉयल एनफील्ड बुलेट क्लासिक 350 (क्रमांक CG15EC9926) घर के बाहर से चोरी हो गई। मोटरसाइकिल की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई।
पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों की मदद से 7 आरोपियों की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर टीम गठित कर सरगुजा और उत्तर प्रदेश भेजी गई। गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में दोनों आरोपी चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध कबूल किया है। पुलिस ने अन्य 6 फरार आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, थाना प्रभारी सन्ना संतोष सिंह और आरक्षक अंबुज सिंह की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ने प्रोफेशनल तरीके से चोरी की गुत्थी सुलझाई है और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
Views: 0




