
सड़क हादसा: कोयले से लदी ट्रक खेत में पलटी, चालक-खलासी सुरक्षित..
जशपुर। कुनकुरी-तपकरा स्टेट हाईवे पर एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। शनिवार सुबह लगभग 6 बजे चिरमीरी से ओड़िशा की ओर जा रही कोयले से भरी एक भारी भरकम ट्रक अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।
हादसा उपरकछार पुलिस चौकी क्षेत्र के सिंगीबहार के नीचे पुल के पास हुआ। ट्रक पूरी तरह कोयले से लदा हुआ था, और पलटने के बाद सारा कोयला खेत में बिखर गया। गनीमत रही कि इस भयानक हादसे में ट्रक चालक और खलासी दोनों पूरी तरह सुरक्षित बच निकले।
चालक के मुताबिक, रास्ते में अचानक एक आवारा पशु के आ जाने से वह संतुलन खो बैठा। पहले ट्रक ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को टक्कर मारी, फिर दूसरी ओर मुड़ते हुए सीधे खेत में जा घुसी, जहां ट्रक पलट गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच में जुट गई है। सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
Views: 0




