
बड़ी खबर : नेशनल हाईवे पर कार और ट्रक की भीषण टक्कर 6 युवकों की मौक़े पर दर्दनाक मौत,चालक की हालत गंभीर।
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में आज एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। बागनदी थाना क्षेत्र के चिरचारी नेशनल हाईवे चौराहे के पास तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में महाराष्ट्र के 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और लाशों को बाहर निकालने में पुलिस व ग्रामीणों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश पासिंग कार नागपुर से राजनांदगांव की ओर आ रही थी। कार में 7 लोग सवार थे और यह चार लेन वाले हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रही थी। अचानक मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ने से कार विपरीत दिशा में मुड़ गई और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में बैठे छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरों की भयावह तस्वीर सामने लाता है।
Views: 0




