
बगीचा में होगा 108 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ, डॉ. चिन्मय पंड्या होंगे विशेष अतिथि।
जशपुर, जिले के बगीचा में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा 108 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन 10 से 13 दिसंबर 2025 तक किया जाएगा। इस अवसर पर देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति एवं युवा आदर्श डॉ. चिन्मय पंड्या विशेष रूप से शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर युवा वर्ग में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। यज्ञ की तैयारियों को लेकर गायत्री प्रज्ञापीठ बगीचा में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपजोन समन्वयक एस.जे. द्विवेदी, जिला समन्वयक काशीराम श्रीवास और प्रमुख ट्रस्टी सहादुल सिंह समेत जिलेभर से सैकड़ों श्रद्धालु एवं गायत्री परिजन उपस्थित रहे।
प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ के सह समन्वयक डी.आर. चौहान ने बताया कि डॉ. चिन्मय पंड्या 12 दिसंबर को बगीचा पहुंचकर दीपमहायज्ञ में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बगीचा की पावन धरा पर ऐसे महान विभूति का पदार्पण हम सबके लिए सौभाग्य है। महायज्ञ का प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक ज्योति कलश और शक्ति कलश यात्रा के माध्यम से किया जाएगा।
यज्ञ आयोजन समिति के अध्यक्ष भगवानो यादव, बजरंग अग्रवाल, संतोष गुप्ता, रमेश गुप्ता और संतोष सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों ने समिति का विस्तार कर कार्यकारिणी टीम का गठन किया तथा परिजनों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
रमेश गुप्ता ने बताया कि जिले के परिजन श्रमदान और समयदान के माध्यम से आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। अंशदान, अन्नदान, समयदान एवं श्रमदान के माध्यम से यह यज्ञीय कार्यक्रम संपन्न होगा, जिसमें हर वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।
गायत्री प्रज्ञापीठ के व्यवस्थापक संतोष सोनी ने सत संकल्प का पाठ कराते हुए आभार प्रदर्शन किया और शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर रीना बरला, हरिशंकर यादव, बालेश्वर यादव, प्रकाश यादव, अच्युतानंद यादव, मुक्ता यादव, कीर्तन सिंह, विकास यादव, युवा महिला मंडल सहित अन्य परिजनों को भी यज्ञीय जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
Views: 0




