
जशपुर में भू माफियाओं पर बड़ी कार्यवाही: मृतक के नाम पर फर्जी पावर ऑफ अटर्नी बनवाकर जमीन बेचने की साजिश, दो आरोपी गिरफ्तार – दो फरार
जशपुर। जिले में भू माफियाओं के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतक व्यक्ति के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की पावर ऑफ अटर्नी बनवाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी महेश राम, पिता स्व. सोमरा राम, निवासी ग्राम गम्हरिया ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय व न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता की मृत्यु वर्ष 2014 में हो चुकी है, बावजूद इसके भू माफियाओं ने फर्जी दस्तावेज बनवाकर जमीन की बिक्री की तैयारी कर ली।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने मृतक सोमरा राम के नाम से जाली आधार कार्ड तैयार किया, जिसमें फोटो आरोपी अघनू राम का लगाया गया था। अघनू राम खुद को सोमरा राम बताकर कुनकुरी उप पंजीयक कार्यालय पहुंचा और फर्जी दस्तखत कर आरोपी आनंद खलखो के नाम पर पावर ऑफ अटर्नी दे दी।
मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र कुमार शर्मा (34), निवासी दरबारीटोली जशपुर और अघनू राम (58), निवासी टंगरा टोली जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने उनके आधार कार्ड भी जब्त किए हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी आनंद खलखो और रामलाल ने उन्हें पैसों का लालच देकर इस कूट रचना में शामिल किया। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी आनंद खलखो और रामलाल की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जालसाजी कर मृत व्यक्ति के नाम पर जमीन की पावर ऑफ अटर्नी लेने वाले आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Views: 0




