
CG Mirror News
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक बार फिर किसान हितों को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। सीएम साय के सीधे निर्देश पर राज्य सरकार ने धान खरीदी की प्रक्रिया को 05 एवं 06 फरवरी 2026 तक दो दिनों के लिए बढ़ाने का निर्णय किया है, जिससे हजारों किसानों को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री साय के इस निर्णय को उन किसानों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है, जो विभिन्न तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से तय समय पर धान का विक्रय नहीं कर पाए थे। सीएम साय ने स्पष्ट किया कि किसान का एक भी दाना बिना बिके नहीं रहना चाहिए। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार तीन श्रेणियों के किसान इस अतिरिक्त अवधि में धान बेच सकेंगे पहली श्रेणी: वे किसान जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनका सत्यापन नहीं हो पाया था। दूसरी श्रेणी: वे किसान जिनका 10 जनवरी के बाद सत्यापन हुआ और जिनके पास धान उपलब्ध पाया गया।
तीसरी श्रेणी: वे किसान जिन्हें 28, 29 एवं 30 जनवरी 2026 को टोकन मिला था, लेकिन किसी कारणवश वे निर्धारित तिथि पर धान नहीं बेच सके। सीएम साय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए बारदाना, हमाल, तौल मशीन और खरीदी केंद्रों की व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रखी जाए। मुख्यमंत्री साय का यह फैसला न केवल किसान हितैषी है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि राज्य सरकार जमीन से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेकर तुरंत निर्णय लेने में विश्वास रखती है।
www.cgmirror.com
Views: 0




