
जशपुर। जिले के दुलदुला वन परिक्षेत्र अंतर्गत गट्टीमुंडा बीट में रविवार सुबह दतैल हाथी के अचानक तांडव से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ग्राम पंचायत गट्टीमुंडा निवासी महेश्वरी सिंह, पिता भगरथी सिंह के लेंटर्ड मकान को सुबह करीब 5 बजे एक दतैल जंगली हाथी ने तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार हाथी अकेला था और अचानक रिहायशी इलाके में घुस आया। घटना के समय घर के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। यह पूरी जानकारी स्थानीय ग्रामीणों द्वारा दी गई है।
वन विभाग के हाथी गश्ती दल ने बताया कि दतैल हाथी की मौजूदगी सिहारजोरी जंगल क्षेत्र में देखी गई है, जिसके बाद जंगल से सटे इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। विशेष रूप से केरसई और रापाडांड क्षेत्र के ग्रामीणों को सतर्क रहने, सुबह-शाम जंगल की ओर न जाने और हाथी नजर आने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
वहीं मामले को लेकर दुलदुला रेंजर प्रभावती चौहान से संपर्क साधने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद आया।
Views: 0




