
लोदाम पुलिस की कार्रवाई: शंख नदी से अवैध रेत उत्खनन कर झारखंड भेजी जा रही थी रेत, दो हाईवा जब्त..
जशपुर, छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर बहने वाली शंख नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। लोदाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो हाईवा ट्रकों को जब्त किया है, जो छत्तीसगढ़ से रेत भरकर झारखंड की ओर भेजे जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों ट्रकों के चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही ट्रक मालिकों और पूरे रेत तस्करी नेटवर्क की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शंख नदी क्षेत्र में बिना किसी वैध खदान स्वीकृति के अवैध रूप से रेत निकाली जा रही थी। निकाली गई रेत को बिना रॉयल्टी जमा किए भंडारित कर झारखंड भेजा जा रहा था।
इस मामले में छत्तीसगढ़ खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम) नियम 2006 और खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21(1) का उल्लंघन पाया गया है। इन नियमों के तहत बिना अनुमति खनन करना और बिना रॉयल्टी चुकाए खनिज का परिवहन करना कानूनन अपराध है, जिसमें दंड और जुर्माना दोनों का प्रावधान है।
खनिज विभाग के जिला अधिकारी से जब इस अवैध रेत भेजने के मामले में प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने गोलमोल जवाब देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।
फिलहाल लोदाम पुलिस और खनिज विभाग संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है और खनिज विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं।
Views: 0




