
सीएम साय का शिक्षा क्षेत्र में बड़ा निर्णय : नागलोक के फरसाबहार और करडेगा में खुलेंगे नए महाविद्यालय, युवाओं को मिलेगी उच्च शिक्षा की सुविधा क्षेत्रवासी ने जताया आभार..
जशपुर , छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के फरसाबहार और करडेगा में नए महाविद्यालयों के संचालन के लिए शिक्षकीय एवं कार्यालयीन स्टाफ की पदस्थापना को मंजूरी दी है। इससे लंबे समय से चली आ रही क्षेत्रवासियों की मांग पूरी हो गई है, और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।
मुख्यमंत्री के इस निर्णय से न केवल जशपुर जिले में बल्कि बस्तर के नगरनार और किलेपाल क्षेत्रों में भी उच्च शिक्षा के नए आयाम खुलेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इन महाविद्यालयों के लिए एक-एक प्राचार्य, 48 सहायक प्राध्यापक, 4 ग्रंथपाल, 4 क्रीड़ाधिकारी एवं 4 प्रयोगशाला सहायकों के पदों को स्वीकृति प्रदान की है। राज्य सरकार शीघ्र ही इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करेगी।
जशपुर जिले के छात्रों के लिए बड़ी राहत
फरसाबहार और करडेगा में नए महाविद्यालय खुलने से स्थानीय छात्रों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के स्थानों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। विशेष रूप से छात्राओं के लिए यह सुविधा बहुत राहतभरी होगी। फरसाबहार में लंबे समय से महाविद्यालय की मांग की जा रही थी, जबकि करडेगा जैसे दूरस्थ क्षेत्र में अब छात्रों को ब्लॉक मुख्यालय तक नहीं जाना होगा।
प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में सशक्त कदम
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सशक्त करने और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए समर्पित है। उच्च, तकनीकी एवं स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार हेतु उठाए जा रहे ये कदम प्रदेश में शिक्षा और रोजगार दोनों के स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
मुख्यमंत्री के इस निर्णय पर जशपुर जिले के छात्रों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने उनका आभार जताया है और इसे “जशपुर की शिक्षा क्रांति की नई शुरुआत” बताया है।
Views: 0




